हथियारबंद अपराधियों ने महेशपुर कोलियरी के स्विचरूम को बनाया निशाना, कर्मियों को बंधक बनाकर क्वायल की लूट
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र संख्या-3 अंतर्गत महेशपुर कोलियरी के स्विचरूम में शुक्रवार रात नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोला। हथियार के बल पर चार कर्मियों को बंधक बनाकर लाइटिंग लाइन से जुड़े 500 केवीए के चालू ट्रांसफार्मर से कीमती तांबे के क्वायल लूट कर चलते बने। इस घटना से आसपास की एक बड़ी आबादी में अंधेरा पसरा हुआ है।
बंधक बने कर्मियों के अनुसार रात लगभग एक बजे के बाद 20 की संख्या में अपराधियों के दल ने धावा बोला। सभी अपराधी हरवे, हथियार से लैस थे। स्विचरूम के पीछे चहारदीवारी को तोड़कर स्विचरूम में दाखिल हुआ और स्विचमैन राजकुमार चौहान, सुपरवाइजर मो असगर, नाईट गार्ड मिहिर ग्याली और शेख जलील को बंधक बना लिया। कर्मियों के मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया। कर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए एक कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद अपराधियों ने चालू ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर उसका कीमती क्वायल निकाल कर चलते बने।
सीआईएसएफ ने चलाया सर्च अभियान
अपराधियों के जाने के बाद डरे-सहमे कर्मियों ने किसी तरह खुद को संभालते हुए रात में ही घटना की सूचना कोलियरी के वरीय अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही अधिकारियों के निर्देश पर सीआईएसएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। बल ने भुक्तभोगी कर्मियों से घटना की जानकारी ली और अपराधियों के भागने की दिशा में संभावित ठिकानों व जंगलों में सर्च अभियान चलाया, लेकिन तब तक अपराधी भागने में सफल हो गए थे।
शनिवार सुबह गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक केके सिंह अधीनस्थ अधिकारियों के साथ स्विचरूम पहुंचे और कर्मियों से घटना की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा में चूक पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षावलों को रात्रि गश्त बढ़ाने तथा आवश्यक कार्रवाई के लिये स्थानीय पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत देने का निर्देश दिया।
इन जगहों पर पसरा अंधेरा
क्वायल लूट की घटना के बाद से बत्तीघर टोला, 75 क्वार्टर, जिंक कोलोनी, सिनीडीह बाजार आदि जगहों में अंधेरा पसरा हुआ है। अंधेरे से जूझ रहे प्रभावित इलाके के ग्रामीणों ने घटना को लेकर रोष जताते हुए इसे बीसीसीएल प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा में चूक बताया है। ग्रामीणों ने प्रबंधन से जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।