गुमला एथलेटिक्स में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, पांच विद्यार्थियों ने जीते पदक
वंदना सभा में विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, विद्यालय परिवार ने बढ़ाया उत्साह
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गुमला में आयोजित 37वीं प्रांतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यालय के पांच विद्यार्थियों ने विभिन्न स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मंगलवार को विद्यालय की वंदना सभा में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित वंदना सभा का शुभारंभ वरिष्ठ आचार्य लक्ष्मी नारायण एवं प्रवासी कार्यकर्ता सलमान होजाई ने दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ किया। इसके बाद सामूहिक वंदना हुई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य आनंद कमल ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि अनीता दीदी के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रांतीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रिया कुमारी ने प्रथम, मोनिका ने द्वितीय तथा साक्षी, मनीषा और सूरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य आनंद कमल और सलमान होजाई ने सभी विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन आचार्य अजित मिश्र ने किया। विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय में उत्साह का माहौल रहा।