गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं देना सर्वोच्च प्राथमिकता : रामनिवास यादव
उपायुक्त ने अस्पतालों में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और कर्मियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का दिया निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में बेहतर, सुलभ एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सिविल सर्जन, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में जिले की वर्तमान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्पष्ट कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पारदर्शिता के साथ कार्य हो तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं कर्मियों की नियमित उपस्थिति और मरीजों के साथ व्यवहार—इन सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सदर अस्पताल में मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं तथा जहां भी कमी हो, वहां त्वरित कार्रवाई कर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जोर देते हुए कहा कि छोटी-छोटी बीमारियों के लिए मरीजों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। इसके लिए प्रखंड स्तर पर ही समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने और प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए समस्याओं की पहचान करें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मरीजों की संतुष्टि ही स्वास्थ्य व्यवस्था की सफलता का सबसे बड़ा पैमाना है, इसलिए सभी कर्मी सेवा भावना के साथ कार्य करें और मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाएं।
इसके अतिरिक्त सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना आवश्यक है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, सिविल सर्जन, जिला नजारत उप समाहर्ता, वीसी के माध्यम से सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।