गिरिडीह की बेटी श्रद्धा ने बीपीएससी मे लहराया परचम 

गिरिडीह की बेटी श्रद्धा ने बीपीएससी मे लहराया परचम 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : शहर के नगीना सिंह रोड स्थित मां तारा गली निवासी कुमारी श्रद्धा ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता हासिल कर गिरिडीह का गौरव बढ़ाया है। 20 जून को घोषित परीक्षा परिणाम में उनका चयन होने की खबर मिलते ही परिवार के साथ पूरे शहर में खुशी का माहौल बन गया।

श्रद्धा के पिता प्रदीप कुमार सीसीएल गिरिडीह कोलियरी में संवेदक हैं, जबकि माता संगीता देवी गृहिणी हैं। उन्होंने अपनी दसवीं तक की शिक्षा कार्मेल स्कूल, गिरिडीह से तथा बारहवीं की पढ़ाई डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज से गणित ऑनर्स में स्नातक किया।

स्नातक के बाद श्रद्धा दिल्ली में रहकर यूपीएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। वर्ष 2024 में उन्होंने बीपीएससी परीक्षा दी थी। लगातार मेहनत, अनुशासन और धैर्य के बल पर उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की।

सफलता के बाद श्रद्धा ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के त्याग, आशीर्वाद और निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान कई बार असफलता मिली, लेकिन परिवार के विश्वास और हौसले ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदारी से की जाए और धैर्य बनाए रखा जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।

श्रद्धा की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, मोहल्लेवासियों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटे शहरों की बेटियां भी अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top