गिरिडीह की 4.56 लाख महिलाओं को मिली मईया सम्मान की राशि

गिरिडीह की 4.56 लाख महिलाओं को मिली मईया सम्मान की राशि

डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जुलाई 2026 की सम्मान राशि का भुगतान सफलतापूर्वक कर दिया गया है। योजना के अंतर्गत गिरिडीह जिले की 4,56,267 महिला लाभुकों के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रति लाभुक 2,500 रुपये की दर से 1,14,06,67,500 रुपये (114.06 करोड़ रुपये से अधिक) की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रभावी रही। प्रशासन ने सभी प्रखंडों एवं शहरी निकायों के माध्यम से योजना के क्रियान्वयन की सतत निगरानी कर समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया।

योजना के तहत जमुआ में सर्वाधिक 53,785, धनवार में 47,805, डुमरी में 41,075, गिरिडीह प्रखंड में 39,374, बिरनी में 35,565, देवरी में 34,257, गांडेय में 32,546, बगोदर में 31,844, बेंगाबाद में 28,880 तथा अन्य प्रखंडों और शहरी निकायों की महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला।

जिला प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी सम्मान राशि का भुगतान निर्धारित समय पर निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लाभुक महिलाओं से अपील की गई है कि वे अपने बैंक खाते और आधार संबंधी विवरण अद्यतन रखें, ताकि योजना का लाभ समय पर मिलता रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top