गावां में गर्मी को लेकर प्रशासन सख्त, पेयजल व्यवस्था और आगजनी रोकथाम की करें समुचित व्यवस्था
डीजे न्यूज, गावां,गिरिडीह : प्रखंड क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बीडीओ महेंद्र रविदास की अध्यक्षता में प्रखंड मुख्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और संभावित आगजनी की घटनाओं से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पंचायतों में पेयजल की पर्याप्त और सुचारु व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खराब पड़े चापाकलों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा जहां आवश्यकता हो वहां वैकल्पिक व्यवस्था भी तुरंत की जाए। बीडीओ ने चेतावनी दी कि पेयजल समस्या को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने गर्मी के मौसम में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में डॉ. नवीन कुमार, अनिल कुमार, रामकृष्ण बाउरी, राजेन्द्र प्रसाद, उमा ठाकुर, राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।