गांडेय में करमा पूजा की खुशी मातम में बदली, तेज रफ्तार पिकअप ने मासूम को कुचला

गांडेय में करमा पूजा की खुशी मातम में बदली, तेज रफ्तार पिकअप ने मासूम को कुचला
शव गांव लाया गया, मुआवजे के लिए गाड़ी मालिक से वार्ता हो रही है
डीजे न्यूज, गांडेय (गिरिडीह) : त्योहार की खुशी कब मातम में बदल जाए, इसका दर्दनाक उदाहरण गिरिडीह के गांडेय में देखने को मिला है। करमा पूजा का उत्सव देखकर घर लौट रहा 5 साल का मासूम तेज रफ्तार पिकअप वैन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना मंगलवार देर रात गांडेय थाना क्षेत्र के गांडेय-अहिल्यापुर मुख्य मार्ग पर रकसकूटों गांव के समीप हुई।
मृतक की पहचान दिनेश मंडल के पांच वर्षीय बेटे प्रियांशु मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियांशु करमा पूजा देखकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस करमा पूजा को लेकर गांव में खुशी का माहौल था, वही उत्सव कुछ ही देर में एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई है।
बुधवार की सुबह शव गांव लाया गया। मुआवजे के लिए गाड़ी मालिक से वार्ता हो रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top