फरार आरोपी के घर टुंडी पुलिस ने चिपकाया इश्तहार, ढोल-नगाड़े के साथ की मुनादी
डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद): टुंडी थाना क्षेत्र के दक्षिणी टुंडी स्थित कर्माटांड़ गांव में बुधवार को टुंडी पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर इश्तहार चस्पा करने की कार्रवाई की। टुंडी थाना कांड संख्या 44/26 के आरोपी इलियास अंसारी (पिता–अलाउद्दीन अंसारी), जो लंबे समय से फरार चल रहा है, के घर पुलिस ढोल-नगाड़े के साथ पहुंची।
थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक उमाशंकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर ढोल-नगाड़े बजाकर मुनादी कराई और न्यायालय से जारी इश्तहार चिपकाया। इस दौरान सार्वजनिक रूप से घोषणा करते हुए फरार आरोपी इलियास अंसारी को शीघ्र पुलिस अथवा न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर हाजिर नहीं होने पर उसके विरुद्ध न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में अवर निरीक्षक रुपेश दुबे, सहायक अवर निरीक्षक सुधीर सिंह सहित टुंडी थाना के कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।