एसटीजी आउटसोर्सिंग में स्थानीय विस्थापितों को नियोजन के लिए आंदोलन की चेतावनी
डीजे न्यूज, केंदुआ (धनबाद) : गोंदुडीह खास कुसुंडा कोलियरी क्षेत्र में कोयला उत्खनन कार्य के लिए आने वाली एसटीजी आउटसोर्सिंग कंपनी में विस्थापितों, रैयतों एवं प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर नियोजन देने की मांग को लेकर गुरुवार शाम धारियांजोबा शिव मंदिर प्रांगण में स्थानीय ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खारिकाबाद, रवानी बस्ती, धारियांजोबा, दास बस्ती, गोंदुडीह सहित आसपास के क्षेत्रों के विस्थापित, रैयत और प्रभावित ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र में पहले कार्य कर चुकी विभिन्न आउटसोर्सिंग कंपनियों ने स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी की है और केवल अपने स्वार्थ की पूर्ति की है।
बैठक को संबोधित करते हुए बलराम गुप्ता और गोपाल यादव ने कहा कि पूर्व में कोलियरी में काम करने वाली आउटसोर्सिंग कंपनियों ने स्थानीय लोगों को ठगने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने बीच में कुछ लोगों को खड़ा कर अपना काम निकालने का प्रयास किया, लेकिन इस बार विस्थापितों और रैयतों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रभावित परिवारों को घर के बदले घर, जमीन के बदले उचित मुआवजा तथा स्थानीय युवाओं को नियोजन दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी और प्रबंधन ने स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी की तो आउटसोर्सिंग कंपनी का चक्का जाम कर आंदोलन किया जाएगा। बैठक में बलराम गुप्ता, अश्वनी प्रामाणिक उर्फ छोटू, गोपाल यादव, संजय यादव, पंकज यादव, रंजीत यादव, कृष्णा यादव, मुन्ना यादव, बसंत चौहान, मिथिलेश पासवान, भीम प्रामाणिक, राकेश कुमार सिंह, गोपाल रवानी उर्फ मुन्ना, मो. अली हुसैन, मो. इशाक मियां, मो. फिरोज अली, गौरी यादव, रवि यादव, अमर यादव, विजय यादव, सोनू यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।