एसएसपी ने पुलिस केंद्र में निर्माणाधीन महिला बैरक का किया निरीक्षण सौ बेड के बैरक में आधुनिक सुविधा होगी उपलब्ध

एसएसपी ने पुलिस केंद्र में निर्माणाधीन महिला बैरक का किया निरीक्षण

सौ बेड के बैरक में आधुनिक सुविधा होगी उपलब्ध

डीजे न्यूज, धनबाद: वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार ने शनिवार को पुलिस केंद्र परिसर में निर्माणाधीन महिला बैरक का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा सभी आवश्यक सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा जाए।

पुलिस केंद्र में बन रहा यह महिला बैरक आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा तथा इसमें एक साथ 100 महिला पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था की जा रही है। बैरक में सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके निर्माण से महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय वातावरण मिलने के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता और मनोबल में भी वृद्धि होगी।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी  प्रभात कुमार ने निर्माण कार्य की प्रगति, भवन की संरचना तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याक़ूब, सभी डीएसपी एवं एसडीपीओ तथा सार्जेंट मेजर  अवधेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top