डुमरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 8 किलो दूषित मिठाई व 16 बोतल एक्सपायर्ड सोडा नष्ट

डुमरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 8 किलो दूषित मिठाई व 16 बोतल एक्सपायर्ड सोडा नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग ने की 9 दुकानों की जांच; तीन दुकानदारों को लाइसेंस लेने का अल्टीमेटम

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दुर्गा पूजा के उत्साह के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को डुमरी अनुमंडल में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 8 किलोग्राम दूषित मिठाइयां और एक्सपायर्ड सोडा की 16 बोतलें बरामद की गईं, जिन्हें नियमानुसार नष्ट कर दिया गया।

अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुल नौ दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीन दुकानदारों को अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए दो सर्विलांस नमूने भी संग्रहित किए गए। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में सतर्कता बढ़ गई है।

**मेला क्षेत्र में विक्रेताओं को सख्त हिदायत**

डुमरी मेला क्षेत्र में भी विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की जांच के साथ जागरूकता अभियान चलाया। गोलगप्पे (गुपचुप) और अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा केवल अनुमोदित खाद्य रंगों का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई। साथ ही खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता के मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया।

**दूषित खाद्य पदार्थ बेचने पर होगी कार्रवाई**

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, डुमरी ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन सभी खाद्य कारोबारियों के लिए अनिवार्य है। दूषित या एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री करने और निर्धारित मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कारोबारियों से त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top