महाष्टमी पर पूजा पंडालों में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां दुर्गा के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु

महाष्टमी पर पूजा पंडालों में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां दुर्गा के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु

पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी ने विभिन्न पंडालों में की पूजा-अर्चना, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : दुर्गापूजा के आठवें दिन रविवार को महाष्टमी का पर्व पीरटांड़ प्रखंड में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पालगंज, खुखरा, मधुबन समेत विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में सुबह दस बजे के बाद से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। दिनभर मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।

महाष्टमी के अवसर पर पूजा पंडालों में विशेष रौनक देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की शांति और खुशहाली की कामना की। पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

इस दौरान पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी ने भी पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।

वहीं, महाष्टमी के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी सतर्क रहा। बीडीओ मनोज कुमार मरांडी सहित पुलिस पदाधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि महाष्टमी का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top