डुमरी के इसरी बाजार में बौराए ट्रक ने 13 वाहनों को रौंदा, आधा दर्जन लोगों की मौत
डीजे न्यूज, गिरिडीह : डुमरी के इसरी बाजार में शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक, कार समेत करीब 13 वाहनों को रौंद दिया। इस भीषण सड़क हादसे में आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और निमियाघाट थाना पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल डुमरी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं कुछ घायलों का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा था। इसलिए घायलों की संख्या बढ़ भी सकती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बगोदर की ओर से आ रही ट्रक बस पड़ाव के समीप एक बाइक को सटाते हुए तेज गति से इसरी की ओर भागने लगी। इसी दौरान इसरी पुल से पहले ट्रक ने एक बाइक और टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी दो कार समेत कई वाहनों को रौंदते हुए ट्रक एक चहारदीवारी तोड़कर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में कुल 13 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
मृतकों में डुमरी के नावाटांड़ निवासी कारी इरशाद (46) गिरिडीह निवासी सुजीत (37) एवं सिमरबेड़ा निवासी संतोष महतो (32) की पहचान हुई है जबकि एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी थी। घायलों में नावाटांड़ की रुखसार खातून,रांगामाटी निवासी सागीर इसरी की सुधा वर्मा तथा बगोदर निवासी संजय कुमार साव शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बचाव एवं राहत की कमान खुद संभाल ली। डुमरी के प्रभारी एसडीएम संतोष गुप्ता एवं सीओ शशिभूषण वर्मा, सीओ पीरटांड़ ऋषिकेश मरांडी सहित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात बाधित रहा।