दुबई में फंसा बगोदर का प्रवासी मजदूर,परिजनों ने सरकार से लगाई वतन वापसी की गुहार
डीजे न्यूज,बगोदर,गिरिडीह : विदेशों में प्रवासी मजदूरों के फंसने और मौत की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।इसी कड़ी में गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अटका गांव निवासी प्रवासी मजदूर रामेश्वर दास के दुबई में फंसने का मामला सामने आया है।परिजनों ने सरकार से रामेश्वर दास की सुरक्षित वतन वापसी कराने की गुहार लगाई है।परिजनों के अनुसार, रामेश्वर दास 6 मई 2026 को रोजी-रोटी की तलाश में एक ठेकेदार के माध्यम से टूरिस्ट वीजा पर दुबई गया था। दुबई पहुंचने के बाद से ही वह वहां फंसा हुआ है और करीब चार महीने से घर लौटने के लिए परेशान है। बताया गया कि पिछले पांच दिनों से रामेश्वर से परिजनों की कोई बातचीत नहीं हो पा रही है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका को लेकर काफी चिंतित हैं।
परिजनों ने बताया कि रामेश्वर को कर्ज लेकर विदेश भेजा गया था, ताकि वह वहां काम कर परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर कर सके। लेकिन विदेश जाने के बाद से ही परिवार की चिंता बढ़ गई है। परिजन लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।इधर, मामले की जानकारी मिलने पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सिकन्दर अली अटका गांव पहुंचे और रामेश्वर दास के परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही रामेश्वर दास की सुरक्षित वतन वापसी के लिए आवश्यक स्तर पर पहल करने की बात कही।परिजनों ने सरकार और संबंधित विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए रामेश्वर दास की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है।