डिग्री कॉलेज टुंडी में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति कार्यशाला और सावन महोत्सव का संगम, छात्राओं ने दिखाया टैलेंट का जलवा
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : शनिवार को सरकारी डिग्री कॉलेज टुंडी में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन छात्रवृति योजना की कार्यशाला एवं सावन महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यशाला में समन्वयक प्रो. अविनाश कुमार ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृति प्राप्ति हेतु आवेदन की सम्पूर्ण प्रक्रिया का वर्णन किया और शत-प्रतिशत आवेदन हो इसके लिए छात्राओं को प्रेरित किया।
वहीं सांस्कृतिक समिति एवं एनएसएस यूनिट-1 के संयुक्त तत्वावधान में सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता तथा इको-फ्रेंडली राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियाँ बनाईं। वहीं, इको-फ्रेंडली राखी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्राकृतिक एवं पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से सुंदर राखियाँ तैयार कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाने के लिए छात्राओं द्वारा सावन से संबंधित मनमोहक गीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियाँ दी गईं। पारंपरिक गीतों और नृत्य ने पूरे महाविद्यालय परिसर को सावन की उमंग और उल्लास से भर दिया। छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा त्योहारों को प्रकृति के अनुकूल तरीके से मनाने का संदेश दिया।
सावन महोत्सव के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और सौहार्द का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सांस्कृतिक समिति एवं एनएसएस यूनिट-1 के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। सावन महोत्सव ने संस्कृति, रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों की प्रतिभा के सुंदर समन्वय का संदेश दिया।