धनबाद में ‘पोषण माह’ और ‘गणेश चतुर्थी’ का दिखा अनोखा संगम, अनाजों से बनाई गई भगवान गणेश की आकर्षक छवि
डीजे न्यूज, धनबाद: राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत धनबाद जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण दिवस और गणेश चतुर्थी के पावन पर्व का अनूठा समन्वय देखने को मिला। केंद्रों पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में “पोषण भी, परंपरा भी” के संदेश को जीवंत करते हुए बच्चों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं पोषण सखियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता दर्ज की।
उत्सव के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं और नन्हें-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न प्रकार के पौष्टिक अनाजों, दालों एवं खाद्य सामग्रियों का उपयोग कर भगवान श्री गणेश की मनमोहक व आकर्षक आकृति बनाई। इस रचनात्मक गतिविधि के माध्यम से खेल-खेल में बच्चों को विभिन्न प्रकार के अनाजों के पोषक तत्वों और संतुलित आहार के महत्व से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को भी परिवार के खानपान में विविधता लाने, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सांस्कृतिक परंपरा को पोषण जागरूकता से जोड़कर आयोजित किए गए इस नवाचार ने बच्चों में रचनात्मकता, सीखने की ललक और सामूहिक सहभागिता की भावना को सशक्त किया। पूरे जिले में यह पहल कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण से जोड़ने का एक प्रभावशाली माध्यम बनी।