टुंडी के ढोंगाबेड़ा में 35 हाथियों ने मचाया तांडव, दर्जन भर घर तोड़े, 65 वर्षीय वृद्ध को 200 मीटर तक घसीटा, पैर टूटा
रातभर फोन लगाते रहे ग्रामीण लेकिन वन अधिकारियों की नहीं टूटी नींद
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : जाताखुटी पंचायत अंतर्गत चरक के ढोंगाबेड़ा गांव में शनिवार रात लगभग 35 जंगली हाथियों के झुंड ने गांव में प्रवेश कर जमकर तांडव मचाया। हाथियों ने लगभग एक दर्जन घरों में तोड़फोड़ की और अनेक लोगों के धान व मकई के खेतों में फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया। हाथियों के हमले में 65 वर्षीय मोती मोहली को हाथियों ने घर तोड़कर बाहर निकाल कर लगभग 200 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया, जिस कारण उनका पैर टूट गया है।
ग्रामीण एवं स्थानीय निवासी भाजपा पूर्व जिला महामंत्री दिनेश सिंह और स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शक्ति हेम्ब्रम ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी से रात भर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन बहुत प्रयास करने के बाद किसी ने भी फोन नहीं उठाया। बीडीओ विशाल पांडेय ने जरूर फोन उठाया और प्रशासन की दो गाड़ी भेजवाया।
इससे आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर ही विभाग के उच्च अधिकारी को बुलाने की मांग को लेकर धरना पर बैठ गए। लगभग छह घंटे बाद विभाग के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा का आश्वासन व तत्काल राहत देने के बाद धरना समाप्त हुआ।
मौके पर जिला परिषद सदस्य मीना हेम्ब्रम, भाजपा टुंडी प्रखंड अध्यक्ष गोविन्द टुडू, तिलक मंडल, चन्द्र मोहन राय, नागेश्वर पंडित, नकुल सिंह, किशोर हेम्ब्रम, दिनेश हेम्ब्रम व सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। इधर
घटना की खबर सुनकर भाजपा धनबाद ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुम्भकार के नेतृत्व में घटनास्थल गांव का दौरा कर पीड़ित परिवार से मिलकर हालचाल लिया गया।