धनबाद की खबरें:-
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में रक्तदान शिविर 04 अगस्त को
डीजे न्यूज, धनबाद: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी जनसेवा, संघर्ष और मानवता के प्रति समर्पित जीवन को स्मरण करते हुए 04 अगस्त को धनबाद समाहरणालय में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने समाहरणालय स्थित सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपील की है कि वे स्वयं रक्तदान करें तथा अपने अधीनस्थ कर्मियों को भी इस पुण्य कार्य के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान के समान है और स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि अधिक से अधिक लोग मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ें।
उन्होंने कहा कि स्मृति शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, गरीब और आदिवासी समुदायों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसे मानवीय कार्य के माध्यम से उनकी स्मृतियों को नमन करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अनुरोध किया है कि वे स्वेच्छा से रक्तदान शिविर में भाग लेकर मानवता की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
——————————————-
निगम के 55 वार्डों में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ
धनबाद: धनबाद नगर निगम द्वारा नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वास्थ्यकर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को निगम क्षेत्र के पाँचों अंचलों के 55 वार्डों में एक वृहद एवं विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान नगर निगम के इतिहास के सबसे व्यापक स्वच्छता अभियानों में से एक है, जिसके अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक वार्ड में विशेष साफ-सफाई, कचरा निष्पादन, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी।
अभियान का शुभारंभ वार्ड संख्या-1 (लिलोरी मंदिर क्षेत्र), वार्ड संख्या-9, वार्ड संख्या-20 (रंगाटांड़), वार्ड संख्या-34 (बस्ताकोला) एवं वार्ड संख्या-40 से किया गया। इन वार्डों में प्रातःकाल से ही नगर निगम के अधिकारियों, सफाई कर्मियों एवं मशीनरी की सक्रिय उपस्थिति के साथ व्यापक स्तर पर स्वच्छता कार्य प्रारंभ किया गया।
नगर निगम द्वारा अभियान के सफल संचालन हेतु उपलब्ध समस्त संसाधनों की तैनाती की गई है। अभियान में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों, सुपरवाइजरों, स्वच्छता निरीक्षकों, सहायक नगर आयुक्तों, अंचल स्तरीय अधिकारियों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही जेसीबी, ट्रैक्टर, टिपर, डंपर, मिनी टिपर, कचरा संग्रहण वाहन, डोर-टू-डोर संग्रहण वाहन, यांत्रिक सफाई उपकरण, घास एवं झाड़ी कटाई मशीन सहित अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित किया गया।
अभियान के दौरान मुख्य रूप से सड़कों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई, नालियों एवं जल निकासी तंत्र की गाद निकासी, सड़क किनारे उगी झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई, खुले स्थानों एवं सार्वजनिक परिसरों से कचरे का निष्पादन, कचरा संग्रहण स्थलों की विशेष सफाई, बाजार क्षेत्रों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों की स्वच्छता, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक उपयोग के परिसरों के आसपास विशेष सफाई तथा जलभराव की संभावित स्थितियों को रोकने हेतु आवश्यक सफाई कार्य किए गए।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह केवल एक दिवसीय अभियान न होकर 13 अगस्त तक चलने वाला विशेष स्वच्छता कार्यक्रम है। प्रत्येक वार्ड में पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा तथा कार्यों की सतत निगरानी की जाएगी। अभियान की प्रगति की समीक्षा प्रतिदिन की जाएगी ताकि प्रत्येक वार्ड में निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।
मेयर संजीव सिंह ने अभियान को स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित धनबाद की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि नगर निगम शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा सभी संसाधनों के साथ व्यापक अभियान प्रारंभ किया गया है, किंतु इसकी वास्तविक सफलता नागरिकों की सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही दें, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएँ, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करें तथा अपने-अपने मोहल्लों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
संबंधित वार्डों के पार्षदों ने भी अभियान में उपस्थित रहकर स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की सराहना करते हुए इसे जनसहभागिता आधारित स्वच्छता आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
नगर निगम के सभी सहायक नगर आयुक्तों, नगर प्रबंधकों, स्वच्छता निरीक्षकों, सफाई पर्यवेक्षकों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि अभियान के दौरान प्रत्येक वार्ड में निर्धारित कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। अभियान के अंतर्गत चिन्हित स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधनों की उपलब्धता तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
धनबाद नगर निगम ने पुनः सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करने में सहभागी बनें, घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन करें, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें तथा नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों एवं अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
“स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर धनबाद” के संकल्प के साथ नगर निगम द्वारा प्रारंभ किया गया यह वृहद स्वच्छता अभियान आगामी दिनों में नगर निगम क्षेत्र के सभी 55 वार्डों में निरंतर संचालित रहेगा तथा स्वच्छता मानकों के अनुरूप नगर क्षेत्र को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा।