धनबाद के समग्र विकास को लेकर 22 जुलाई को महाधरना, सात विधायक और दो सांसद होंगे शामिल रेल, एयरपोर्ट, एम्स जैसी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर समेत कई मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन

धनबाद के समग्र विकास को लेकर 22 जुलाई को महाधरना, सात विधायक और दो सांसद होंगे शामिल

रेल, एयरपोर्ट, एम्स जैसी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर समेत कई मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के समग्र विकास को लेकर आगामी 22 जुलाई को शहर में एक बड़ा धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस धरना में विभिन्न राजनीतिक दलों के सात विधायक और दो सांसद के शामिल होने की संभावना जताई गई है। धरना के माध्यम से धनबाद के लिए नई रेल सेवाएं, एयरपोर्ट, एम्स की तर्ज पर सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर सहित कई महत्वपूर्ण मांगों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। सर्वदलीय आयोजकों ने धनबाद की जनता से बड़ी संख्या में धरना में शामिल होकर जिले के विकास की आवाज बुलंद करने की अपील की है।

22 जुलाई को प्रस्तावित इस महाधरना में धनबाद से रोजाना के लिए मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से उठेगी, ताकि कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके अलावा धनबाद-कटिहार, धनबाद-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस और धनबाद से सिलीगुड़ी के लिए नई रेल सेवा शुरू करने की भी मांग की जाएगी।

धरना के दौरान तोपचांची के पास करीब 1300 एकड़ सरकारी भूमि पर एयरपोर्ट निर्माण का मुद्दा भी उठाया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह स्थान एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त है और यहां से बोकारो, पारसनाथ और गिरिडीह की दूरी महज 30 से 40 किलोमीटर है। इसके साथ ही धनबाद सेंट्रल अस्पताल को एम्स की तर्ज पर सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल बनाने और जिले में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी जाएगी। बताया गया कि इन मांगों से संबंधित प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है।

आयोजकों के अनुसार इस धरना में माले विधायक अरूप चटर्जी और चंद्रदेव महतो, भाजपा विधायक राज सिन्हा और रागिनी सिंह, जेएलकेएम के जयराम महतो, धनबाद सांसद ढुलू महतो तथा गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों ने इसे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर धनबाद के विकास की लड़ाई बताते हुए जिले के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top