देवरी में बाइक की टक्कर से सहायक अध्यापक की पत्नी की मौत

देवरी में बाइक की टक्कर से सहायक अध्यापक की पत्नी की मौत

नायकडीह के पास हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने समझाकर हटवाया

डीजे न्यूज, देवरी (गिरिडीह) : खजुरी-चतरो मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के नायकडीह गांव के समीप सोमवार को सड़क दुर्घटना में सहायक अध्यापक रूपलाल चौधरी की 48 वर्षीय पत्नी मंजू देवी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गगनपुर गांव निवासी 32 वर्षीय अरुण सिंह, 50 वर्षीय सीता देवी और 14 वर्षीय किशोर वीरेंद्र सिंह एक ही बाइक से अपने घर से सरौन जा रहे थे। इसी दौरान नायकडीह गांव के पास बाइक की चपेट में आने से मंजू देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग भी घायल हो गए।

घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवरी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अरुण सिंह और सीता देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया।

बताया जाता है कि मंजू देवी अपने पुत्र के साथ बाइक से लकड़गढ़ा मंदिर में पूजा करने गई थीं। पूजा-अर्चना के बाद घर लौटने के दौरान वह रास्ते में रुककर एक राशन दुकान से कुछ सामान लेने जा रही थीं। इसी बीच वह बाइक की चपेट में आ गईं और उनकी जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य हुआ। मंजू देवी की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं नवाडीह गांव में शोक की लहर छाई हुई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top