डीटीओ ने की जमुआ सेंट जोसेफ स्कूल की बसों की जांच, सुरक्षा मानकों को लेकर दिए सख्त निर्देश

डीटीओ ने की जमुआ सेंट जोसेफ स्कूल की बसों की जांच, सुरक्षा मानकों को लेकर दिए सख्त निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने जमुआ स्थित सेंट जोसेफ स्कूल की बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सभी बसों के फिटनेस, परमिट, बीमा, पॉल्यूशन और चालक-परिचालक से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई।
इस दौरान परिवहन पदाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि विद्यालय प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि सभी वाहन अद्यतन कागजात और विधिसम्मत प्रावधानों के साथ ही परिचालित हों। साथ ही चालक वैध लाइसेंसधारी हों और नियमानुसार ही संचालन करें।
सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्यता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कारण सभी स्कूल बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, प्राथमिक उपचार पेटी, स्पीड गवर्नर, सेफ्टी लॉक और परिचालक की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर विद्यालय प्रबंधन और बस मालिकों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी विद्यालयों को समय-समय पर बसों की जांच कराने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने का निर्देश दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top