डीसी की संवेदनशील पहल: नन्हीं छात्रा की मांग पर 48 घंटे के भीतर पहुंचा कंप्यूटर

डीसी की संवेदनशील पहल: नन्हीं छात्रा की मांग पर 48 घंटे के भीतर पहुंचा कंप्यूटर

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला प्रशासन द्वारा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली के चलते गोविंदपुर प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय, किस्टोपुर में महज दो दिनों के भीतर कंप्यूटर की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि विगत 28 अक्टूबर को उपायुक्त आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने गोविंदपुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया था। इसी क्रम में उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, किस्टोपुर का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की एक छोटी छात्रा ने उपायुक्त से सीधे संवाद करते हुए विद्यालय में कंप्यूटर लगवाने का आग्रह किया था, ताकि वे और उनके सहपाठी आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकें।

नन्हीं छात्रा की सीखने की ललक और शिक्षा के प्रति जागरूकता को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को विद्यालय में कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।

दिए गए निर्देश के अनुपालन में शनिवार को विद्यालय परिसर में पूर्ण कंप्यूटर सेट स्थापित कर दिया गया। विद्यालय में कंप्यूटर पहुंचते ही बच्चों में भारी उत्साह देखा गया और सभी बच्चे खुशी से झूम उठे। अब विद्यालय के छात्र-छात्राएं नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान भी प्राप्त कर सकेंगे।

अपनी मांग इतनी शीघ्र पूरी होने पर छात्रा एवं उसके सहपाठियों ने उपायुक्त आदित्य रंजन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और उन्हें धन्यवाद दिया। विद्यालय के शिक्षकों एवं स्थानीय अभिभावकों ने भी उपायुक्त की इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सार्थक कदम बताया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top