डीएवी पब्लिक स्कूल सिंदरी ने सीबीएसई दसवीं के टॉपरों को किया सम्मानित
छात्रा साल्वी सिंह ने 98.4 अंक और संस्कृत और अंग्रेजी दोनों विषयों में सौ-सौ अंक प्राप्त कर विद्यालय का बढ़ाया मान
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : डीएवी पब्लिक स्कूल सिंदरी में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं के परिणाम घोषित होते ही पूरे विद्यालय में उत्साह और हर्ष का वातावरण देखने को मिला। इस वर्ष विद्यालय के विद्यार्थियों ने न केवल शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि झारखंड एवं जिला धनबाद स्तर पर भी सर्वोत्तम अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय और अभिभावकों का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय के दो मेधावी छात्र-छात्राओं ने विशेष उपलब्धि हासिल की।
छात्रा साल्वी सिंह ने 98.4 अंक प्राप्त किया। साथ ही साथ संस्कृत और अंग्रेजी दोनों विषयों में 100 में 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। वहीं, संतोषी कुमारी महतो ने संस्कृत विषय में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इन उपलब्धियों के लिए दोनों विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों बृजकिशोर द्विवेदी और कालीचरण बनर्जी को सम्मानित कर आभार व्यक्त किया।विद्यालय के प्राचार्य दिव्येन्दु त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा,
हमारे विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय हमेशा से समग्र शिक्षा पर जोर देता रहा है, और यह परिणाम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमें अपने छात्रों पर गर्व है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। साल्वी सिंह के पिता सतीश सिंह ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि
“बेटी की इस उपलब्धि पर हमें गर्व है। उसने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। विद्यालय और शिक्षकों का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा है। संतोषी कुमारी महतो के पिता ने कहा कि “मेरी बेटी ने जो सफलता प्राप्त की है, वह उसके परिश्रम और शिक्षकों के सहयोग का परिणाम है। हम विद्यालय परिवार के आभारी हैं, जिन्होंने बच्चों को सही दिशा दी।”वहीं, छात्र अरिहंत कुमार की माता संगीता कुमारी ने भी विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि “विद्यालय का वातावरण और शिक्षकों का मार्गदर्शन बच्चों के विकास में बहुत सहायक है। हमें खुशी है कि हमारे बच्चे को यहां पढ़ने का अवसर मिला।”बता दें कि विधालय में 11 विद्यार्थियों ने टाॅप किया जिनमें साल्वी सिंह – 98.4%, अरिहंत कुमार – 93.8%, संतोषी कुमारी महतो – 93.6%, श्यामली कुमारी – 93.0%, अंशु मंडल – 93.0%,
मोहित गुप्ता – 91.6%, सुबिक्षा सिंह – 91.2%, प्रणव कुमार – 90.4%, मोहित कुमार मंडल – 89.6%, सुभाजीत नाग – 89.4%, ज्योति कुमारी – 89.0% शामिल हैं।