डीएवी कोयला नगर में शिक्षकों के सम्मान में सजा सांस्कृतिक मंच

डीएवी कोयला नगर में शिक्षकों के सम्मान में सजा सांस्कृतिक मंच

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, शिक्षकों ने गायन से बिखेरी सुरों की छटा

डीजे न्यूज, धनबाद : डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या डोलन चंपा बनर्जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

समारोह में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने गीत-संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता की भावना व्यक्त की। रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया तथा तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया गया।

कार्यक्रम का खास आकर्षण शिक्षकों की एकल गायन प्रस्तुतियां रहीं। शिक्षकों ने मंच पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर समारोह को यादगार बना दिया। सहकर्मियों और विद्यार्थियों ने भी इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा।

समारोह के समापन पर प्राचार्या डोलन चंपा बनर्जी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया।

शिक्षक दिवस समारोह ने गुरु-शिष्य के पवित्र संबंध, सम्मान और संस्कार की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी अनिल कुमार ने दी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top