डीडीसी ने विकास योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण
गुणवत्ता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बुधवार को शहरी क्षेत्र में विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) परिसर में मुख्य द्वार एवं सड़क का निरीक्षण किया। मुख्य द्वार व सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए उप विकास आयुक्त ने इसे 25 सितंबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर प्रबंधन को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया।
साथ में निर्माणाधीन कैथ लैब भवन का डीएमएफटी पीएमयू, भवन निर्माण विभाग तथा विद्युत प्रमंडल के अभियंताओं के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। ताकि जनता को जल्द से जल्द आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
वहीं तेली क्षेत्र स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा और बेहतर ढांचे के दृष्टिगत जिले के सभी निर्माणाधीन केंद्रों में बाउंड्री निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मध्य विद्यालय दुर्गा मंदिर के परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र के लिए नवीन भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने तथा बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय निर्माण एवं जारी कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं को दिया।
जबकि पॉलिटेकनिक में वेंचर्स द्वारा संचालित स्किल डेवलपमेंट सेंटर निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कार्यदायी एजेंसी को निर्धारित मानकों के तहत निर्माण में गति लाने के निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं को तय समय पर पूर्ण करें, जिससे जनहित की इन सुविधाओं का लाभ आम जनता को अविलंब मिल सके।