चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों की सूची का वेबसाइट पर किया जाएगा प्रकाशन

चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों की सूची का वेबसाइट पर किया जाएगा प्रकाशन

डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, गृह रक्षक नवनामांकन समिति, आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को होमगार्ड नवनामांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें धनबाद जिले में चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों के मेडिकल, आवासीय प्रमाण पत्रों की जांच तथा पुलिस चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1066 होमगार्ड अभ्यर्थियों का चयन किया गया। जिसकी सूची का आज जिला प्रशासन की अधिकृत वेबसाइट पर प्रकाशन कर दिया जाएगा।

इस संबंध में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया है। ठीक उसी मानक के तहत मेडिकल, आवासीय प्रमाण पत्रों की जांच तथा पुलिस चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया को भी पूर्ण कराया है। जिसके बाद केवल योग्य अभ्यर्थियों का ही अंतिम चयन किया गया है।

उन्होंने बताया कि होमगार्ड के लिए 1096 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। अभ्यर्थियों के मेडिकल, आवासीय प्रमाण पत्रों की जांच तथा पुलिस चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया के बाद होमगार्ड नवनामांकन समिति ने 1066 अभ्यर्थियों का चयन किया है। चयनित 1066 अभ्यर्थियों की सूची का आज जिला प्रशासन की अधिकृत वेबसाइट पर प्रकाशन कर दिया जाएगा। अब इन सभी चयनित अभ्यर्थियों को आगामी प्रशिक्षण सत्र के लिए भेजा जाएगा, जिससे वे दक्ष होकर विधि-व्यवस्था एवं जनसेवा में अपना सक्रिय योगदान दे सकेंगे।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि व्यवस्था) अरविंद कुमार ओझा, अनुमण्डल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, जिला समादेष्टा सुर्यकांत कुमार तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top