बाइक-ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत में युवक गंभीर, 108 एंबुलेंस नहीं मिलने पर ऑटो से पहुंचाया अस्पताल

बाइक-ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत में युवक गंभीर, 108 एंबुलेंस नहीं मिलने पर ऑटो से पहुंचाया अस्पताल

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी,धनबाद : गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क पर पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के मैरानवाटांड़ पेट्रोल पंप के समीप बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक की मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया। हालांकि, आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने वाहन खराब होने का हवाला देते हुए एंबुलेंस भेजने में असमर्थता जताई। इसके बाद घायल युवक को ऑटो के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।

एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने की इस घटना ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क दुर्घटना जैसी गंभीर स्थिति में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलना घायल की परेशानी बढ़ा सकता है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल बाइक सवार युवक सारठ का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर नारायणपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर का बताया गया है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पूर्वी टुंडी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top