
चोरी का राज खोलने की धमकी बनी दुर्गेश की मौत की वजह, चार दोस्त निकले हत्यारे
डीजे न्यूज, महुआडांड़ (लातेहार) : महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम हामी में 15 वर्षीय दुर्गेश महतो की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शुरू में जिसे करंट लगने से हुई दुर्घटना माना जा रहा था, वह दरअसल हत्या निकली। पुलिस ने हत्या के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
1 अप्रैल को दुर्गेश महतो का शव 11000 वोल्टेज तार के नीचे मिला था। प्रथम दृष्टया मामला करंट से मौत का लगा, लेकिन मृतक की मां को इस पर भरोसा नहीं था। परिजनों की शिकायत पर महुआडांड़ थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतक के दोस्तों से पूछताछ करने पर घटना का पर्दाफाश हुआ। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 28 मार्च को ग्राम हामी निवासी कामाख्या सिंह के घर चोरी की थी। चोरी के बाद नशे की हालत में इस घटना की जानकारी दुर्गेश को भी दे दी थी। जब दुर्गेश ने चोरी की बात गांव में उजागर करने की धमकी दी, तो चारों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपियों ने पत्थर से दुर्गेश के नाक के पास वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और फिर शव को बिजली के तार के नीचे फेंक कर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को लातेहार भेजा गया, जहां उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल व बाल सुधार गृह भेजा गया।
गिरफ्तारी अभियान में महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, पुअनि बादल दास, पुअनि बंधन तिर्की, पुअनि अरविंद होरंग समेत लातेहार जिला पुलिस की अहम भूमिका रही।