छात्रों ने प्रकट किया शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता
राजगंज: संत मैथ्यूज हाई स्कूल, राजगंज में शनिवार को शिक्षक दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट किया और उन्हें सम्मानित किया।
शिक्षकों और विद्यालय परिवार ने भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्राचार्य राहुल कुमार दे ने कहा कि शिक्षक ही वह दीपक हैं जो अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं।
अकादमिक निदेशक टी. के. सिन्हा ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। एक अच्छा शिक्षक ही एक अच्छे राष्ट्र का निर्माण करता है।
निदेशक रवीन्द्र चंद्र दे ने कहा कि शिक्षकों का त्याग और परिश्रम ही विद्यालय की असली पूंजी है।
कार्यक्रम में शिक्षकों के लिए मनोरंजक म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिला और पुरुष शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्कूल की छात्राएं लक्ष्मी कुमारी और अंतरा कुमारी (कक्षा दसवीं) ने मंच का संचालन किया।