चेतना महाविद्यालय के पास बाइक सवार गिरा, मौत
हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद:
शंकरडीह कंचनडीह पथ पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के चेतना महाविद्यालय के पास एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर पड़ा जिससे उसकी नाक और माथे पर गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना सोमवार की दोपहर की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक संख्या जेएच 10 यू 2969 पर निरसा थाना क्षेत्र के चंदरायडीह भालपहाड़ी का लगभग 35 वर्षीय युवक बिना हेलमेट के तेज रफ्तार से शंकरडीह की ओर आ रहा था। इसी क्रम में चेतना महाविद्यालय के समीप सड़क पर पड़े गिट्टी पर से बाइक का चक्का अनियंत्रित हो गया और सड़क पर रगड़ाते हुए दूर जाकर गिरा। घटना में युवक का नाक बुरी तरह कट गया और माथे पर भी गंभीर चोट लगी जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। स्थानीय लोगों ने सहराज मुखिया को सूचना दी जिसके बाद गोविंदपुर पुलिस की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया।