चंदवा में हथियारबंद उग्रवादियों का हमला, क्रशर और ईंट भट्ठा बना निशाना, मजदूर को मारी गोली

Advertisements

चंदवा में हथियारबंद उग्रवादियों का हमला, क्रशर और ईंट भट्ठा बना निशाना, मजदूर को मारी गोली

डीजे न्यूज, चंदवा (लातेहार) : चंदवा प्रखंड के हड़गड़वा इलाके में शुक्रवार रात उग्रवादियों ने आतंक मचा दिया। पीएलएफआई से जुड़े करीब आधा दर्जन हथियारबंद नकाबपोश उग्रवादियों ने एसके कंस्ट्रक्शन के क्रशर प्लांट और पास स्थित सोना ब्रिक्स ईंट भट्ठे में धावा बोलकर अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में ईंट भट्ठा में काम कर रहे मजदूर अलीम अंसारी (निवासी तिगरा, लोहरदगा) को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद रांची रिम्स रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे उग्रवादियों ने पहले क्रशर प्लांट में घुसकर फायरिंग की, कर्मियों के मोबाइल लूटे और एक कर्मी के साथ मारपीट की। इसके अलावा उग्रवादियों ने संगठन के नाम से एक पर्चा भी सौंपा, जिसमें बिना वार्ता कार्य बंद करने की चेतावनी दी गई थी। बाद में उग्रवादी पास के ईंट भट्ठे पर पहुंचे और वहां मौजूद मजदूरों के मोबाइल छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर एक मजदूर को गोली मार दी गई।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद रांची रेफर किया गया। सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची, परंतु तब तक उग्रवादी फरार हो चुके थे।

आईजी पहुंचे मौके पर

पलामू प्रक्षेत्र के आईजी सुनील भास्कर ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की टीम लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

उग्रवादियों की इस घटना के बाद से इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन लोगों से संयम बनाए रखने की अपील कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top