बुधुडीह–जोरासिमर मार्ग पर जल्द बनेगी नई पुलिया, अधिकारियों ने स्थल का किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार गांडेय प्रखंड अंतर्गत बुधुडीह एवं जोरासिमर के बीच स्थित क्षतिग्रस्त अस्थायी पुलिया का बुधवार को कार्यपालक अभियंता, विशेष प्रमंडल संतोष मरांडी एवं सहायक अभियंता नंदन कुमार ने स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिया की वर्तमान स्थिति, तकनीकी पहलुओं तथा आवागमन पर पड़ रहे प्रभाव का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उनकी समस्याओं को सुना।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र में आवागमन को यथाशीघ्र सुचारु बनाने के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिया निर्माण की पूरी प्रक्रिया में तेजी लाते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। पुलिया निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि स्थानीय ग्रामीणों को जल्द से जल्द स्थायी समाधान मिल सके।