बरियारपुर विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन  

बरियारपुर विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन  

सर्वसम्मति से बनी नई विद्यालय प्रबंधन समिति

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): प्लस टू पंचायत उच्च विद्यालय, बरियारपुर (खुखरा) में सोमवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन भी सर्वसम्मति से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पीरटांड़ प्रमुख सविता टुडू एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में कला संकाय की जिला टॉपर प्रीति कुमारी सहित विभिन्न संकायों के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपप्रमुख महेंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक तथा खुखरा के उपमुखिया गोवर्धन रजक ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के बाद अभिभावकों की आमसभा आयोजित कर विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से बोधन यादव को अध्यक्ष और रीना देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा समिति के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक आलेख अली, पर्यवेक्षक प्रवीण कुमार, निवर्तमान अध्यक्ष सोमनाथ पांडेय, विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में सोमनाथ पांडेय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top