बलियापुर की खबरें:-
हाइवा से पार्ट्स-पुर्जे की चोरी
बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर स्थित हीरक मोड़ के पास एक गैरेज के समीप खड़ी हाइवा के कई पार्ट्स पुर्जे अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। वाहन के चालक बलियापुर निवासी शेख लादेन ने थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। चालक ने बताया कि गुरुवार की रात हाइवा को गैरेज के बाहर खड़ी कर वह घर चला गया। शुक्रवार सुबह जब वह वाहन के पास पहुंचा तो बैट्री, बाजा, बाक्स एवं एलसीडी आदि गायब मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
———————————–
रखितपुर और कोनारटांड़ में ग्राम देवता की पूजा संपन्न
बलियापुर: रखितपुर एवं कोनारटांड़ गांव में शुक्रवार को आयोजित ग्राम देवता की पूजा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रखितपुर के लया (पुजारी) सरकार टुडू एवं कोनारटांड़ में शनिचर मांझी ने पारंपरिक विधि विधान के साथ पूजा संपन्न कराया। पूजा अर्चना के दौरान लोगों ने गांव में सुख, शांति एवं अच्छी फसल के लिए मन्नते मांगी। इस अवसर पर पूजा स्थल पर बकरे एवं मुर्गे की बलि दी गई । मालूम हो कि ग्रामीण इलाके में ग्राम देवता की पूजा के पश्चात ही किसान अपने खेतों में धान की रोपाई का कार्य आरंभ करते हैं।
——————————————
प्रखंड व अंचल कार्यालय पर बेमियादी धरना 13 से
बलियापुर: सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकपा माले बलियापुर प्रखंड व अंचल कार्यालय के समक्ष 13 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना देने का निर्णय लिया है। पार्टी के प्रखंड सचिव गणेश महतो ने इस संबंध में बीडीओ को पत्र देकर इसकी जानकारी दी है। पत्र में कहा है कि भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है। मालूम हो कि बीते जून महीने में वज्रपात से सूवरिया गांव में चार मवेशियों की मौत हो गई थी। उक्त घटना के बाद पीड़ित किसान गुरुवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित पशुपालन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचे और मृत मवेशियों के मृत्यु प्रमाण एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांग की। बताया जाता है इस दौरान मामले को लेकर पशुपालन पदाधिकारी एवं पशुपालकों के बीच विवाद हो गया था। इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से बलियापुर थाना में लिखित शिकायत भी किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करने के पश्चात मामले की जांच शुरू कर दी है।
———————————-
मां काली की पूजा कर मांगी अच्छी फसल की मन्नतें
बलियापुर: रखितपुर गांव स्थित काली मंदिर में आषाढ़ महीने के अवसर पर शुक्रवार को देवी काली की पूजा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुजारी निमाई मुखर्जी एवं मंटू चटर्जी ने पूजा संपन्न कराया। पूजा में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। लोगों ने गांव में अच्छी फसल एवं सुख समृद्धि के लिए मन्नते मांगी। मौके पर गांव के सोलह आना कमेटी के हरे राम सूत्रधार, शिवेश्वर महतो, गणेश सूत्रधार, प्रयाग महतो, बलहरी महतो समेत काफी संख्या श्रद्धालु मौजूद थे।
—————————————-
प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित
बलियापुर: कौशल विकास के तहत बेलगड़िया में बीसीसीएल सीएसआर एवं एनएसडीसी की ओर से स्वरोजगार हेतु संचालित फैशन प्रेन्योर के प्रशिक्षणार्थियों के बीच शुक्रवार को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। वक्ताओं ने बीसीसीएल सीएसआर की सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रतिबद्धता की काफी सराहना की। कहा कि इससे युवा एवं महिलाएं रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर लर्नेट स्किल्स के जोनल हेड ज्ञान रंजन, आचार्य प्रोजेक्ट वीरेंद्र कुमार, त्रिपुरारी दत्त, पूर्व उप मुखिया सीमा देवी समेत काफी संख्या में लोग थे।