बलियापुर की खबरें:-
सेवानिवृत्त कोलकर्मी लापता, परिजन चिंतित
बलियापुर: करमाटांड़ निवासी 68 वर्षीय रामलाल मांझी पिछले एक सप्ताह से अपने घर से लापता है। उनके पुत्र रुद्र नारायण टुडू ने बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब 6:00 बजे वह घर से बिना किसी को कुछ बताएं निकला जो आज तक वापस नहीं लौटा है। इसकी सूचना बलियापुर थाना में देते हुए लापता पिता को ढूंढने की फरियाद की है। लापता रामलाल मांझी बीसीसीएल के सेवानिवृत्ति कर्मी है। उनके लापता होने के कारण परिजन काफी चिंतित है।
——————————————-
कुलपति ने बिनोद बाबू को अर्पित की श्रद्धांजलि
बलियापुर: बीबीएमकेयू के कुलपति डॉ रामकुमार सिंह बुधवार को बीबीएम कॉलेज बलियापुर पहुंचे। पूर्व सांसद बिनोद बिहारी महतो के जयंती पर आयोजित समारोह में उन्होंने बिनोद बाबू के समाधि पर दीप प्रज्वलित किया तथा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कुलपति ने बिनोद बाबू को झारखंड का महान व्यक्तित्व बताया। मौके पर प्राचार्य डॉक्टर जितेंद्र महतो, डॉक्टर परिमल कुमार महतो समेत अन्य प्राध्यापक एवं कर्मी थे।
—————————————————–
डीआरएम पहुंचे सुरुंगा, ग्रामीणों ने समस्याओं से कराया अवगत
बलियापुर: प्रधानखँटा-सिंदरी रेल खंड पर चल रहे दोहरी लाइन बिछाने के कार्य का ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने की सूचना पाकर बुधवार को डीआरएम अखिलेश मिश्रा अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों के साथ सुरंगा पहुंचे। डीआरएम के आने की जानकारी पाकर काफी संख्या में ग्रामीण प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सुरूंगा कुम्हार टोला के पास आवागमन हेतु रेल ओवर ब्रिज या रेल अंडर ब्रिज बनाने की मांग डीआरएम के समक्ष रखी । ग्रामीणों ने डीआरएम को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि रेल लाइन बिछाने के बाद लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतें होगी। इसके लिए रेल ओवर ब्रिज या अंडर ब्रिज बनाना जरूरी है ताकि लोगों को आने जाने में समस्या ना हो। डीआरएम ने ग्रामीणों को लाइन बिछाने के कार्य में सहयोग की बातें कहीं। जिस पर ग्रामीणों ने कहा कि जब तक रेल ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता, लाइन बिछाने का विरोध करते रहेंगे। ग्रामीणों ने रखितपुर रेलवे फाटक के पास बने रेल अंडर ब्रिज में सालों भर पानी जमा रहने एवं वॉल से पानी टपकने की शिकायत डीआरएम से की। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीआरएम ने तत्काल इसकी जांच हेतु तकनीकी टीम का गठन कर दिया। मालूम हो कि उक्त मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों कार्य का विरोध किया था। इसी के आलोक में डीआरएम वहां आए थे।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि हीरालाल मोदक, विजय रजक, सनातन रविदास, नारद कालिंदी, संदीप देव, आनंद कुंभकार, परेश कुंभकार, पंचानन राय, दुर्गा रजक, बदल रजक समेत काफी संख्या में ग्रामीण थे।
—————————————————
जावा डाली विसर्जन के साथ ही करमा पर्व का समापन
बलियापुर: पवित्र जावा डाली को पारंपरिक विधि विधान से जल में विसर्जित किए जाने के साथ ही भाई बहन के अटूट स्नेह और प्रेम का प्रतीक करमा पर्व का बुधवार को समापन हो गया। युवती एवं महिलाएं “जाओ जाओ करम गोसाईं एक छोवे मास, ओवतो भादरो मास आनबो घुराय” जैसी पारंपरिक गीत गाते हुए झांकी निकाली और नजदीकी तालाबों के समीप जाकर पानी में जावा डाली को विसर्जित कर दिया गया। मंगलवार की रात विभिन्न गांवों के करम अखाड़ों में झूमर नाच आयोजित किया गया।
—————————————————
बिनोद जयंती पर खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
बलियापुर: बिनोद जयंती के मौके पर बलियापुर में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के 5 किलोमीटर रोड रेस में पवन सिंह प्रथम, मोहम्मद फहीम द्वितीय एवं जानकी कुमार तृतीय स्थान पर रहे। बालिकाओं के 1500 मी दौड़ में पूजा सिंह, कंचन कुमारी एवं कशिश कुमारी चयनित हुई। बालिकाओं के 400 मीटर दौड़ में पूजा सिंह, जुली कुमारी एवं आकांक्षा सोनार ने बाजी मारी। 100 मीटर दौड़ में जुली कुमारी,आकांक्षा एवं पूनम कुमारी चयनित हुई। वहीं बालक वर्ग के 1600 मी दौड़ में भोला यादव, सनी एवं विजय राय चयनित हुए। ज़िप सदस्य उषा महतो, जेएलकेएम के आशीष महतो ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया। मौके पर कृष्णा महतो, मोतीलाल महतो, सुरेश कुमार, अजय कुमार आदि मौजूद थे।