ब्लॉक टू क्षेत्र में कोल कर्मी व यूनियन प्रतिनिधियों पर हमला, भगदड़
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के ब्लॉक टू क्षेत्र के 14 नम्बर हाजिरी के समीप लाठी-डंडे से लैस हमलावरों ने मंगलवार को बीसीसीएल कर्मी व श्रमिक संगठन के नेताओं पर हमला कर दिया। कर्मी व यूनियन प्रतिनिधि हाजरी बनाकर अपने – अपने कार्यस्थल जा रहे थे। अचानक हुई इस घटना के बाद वहां भगदड़ मच गई । हमलावरों से बचने के लिए जिसे जिधर रास्ता दिखा उधर भागने लगे। चर्चा है कि हमलावर ग्रामीण थे और घटना का कारण प्रदूषण का होना बताया जा रहा है। हमलावरों के वापस जाने के बाद भुक्तभोगी कर्मी कार्य बंद कर जीएम कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा की मांग करने लगे। जीएम राजीव कुमार ने कर्मियो को आश्वासन दिया की जल्द-से-जल्द हमलावरों के विरुद्ध बाघमारा पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज कराई जाएगी। इसके बाद कर्मी वापस काम पर लौटे। समाचार लिखे जाने तक थाना में मौखिक या लिखित सूचना नहीं दी गई है।