
बकसपुरा में श्री श्री 108 मारुति नंदन यज्ञ व हनुमान प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य कलश यात्रा
डीजे न्यूज, तोपचांची, धनबाद : तोपचांची प्रखंड के तांतरी पंचायत स्थित बकसपुरा गांव में शुक्रवार को श्री श्री 108 मारुति नंदन यज्ञ सह हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकली, जिसमें आसपास के दर्जनों गांवों की सैकड़ों महिलाएं माथे पर कलश लेकर “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयघोष के साथ शामिल हुईं।
कलश यात्रा गांव के कतरी जोरिया पहुंची, जहां यज्ञाचार्य जनार्दन शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं से कलश में जल भरवाया। इसके बाद महिलाएं कलश लेकर वापस यज्ञ मंडप पहुंचीं, जहां वेदी एवं पंचांग पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत की गई।
हनुमान प्राण प्रतिष्ठा के लिए तीन दिवसीय वैदिक अनुष्ठान
यज्ञ के मुख्य यजमान अशोक चौधरी और सुनील पाठक ने बताया कि गांव के नवनिर्मित मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा के लिए तीन दिवसीय वैदिक अनुष्ठान किया जा रहा है।
शनिवार को मंडप पूजन, जलाधिवास, नगर भ्रमण के साथ भागवत कथा की शुरुआत होगी।
भगवान की कथा सुनाने के लिए बनारस के प्रसिद्ध कथा वाचक पंकज शास्त्री पधारेंगे।
रविवार को पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन किया जाएगा।
यज्ञ को सफल बनाने में सुनील पाठक, महेंद्र चौधरी, सुनील चौधरी, अलकू तुरी, सुरेश ठाकुर, प्रमोद चौधरी समेत समस्त ग्रामवासी तन-मन-धन से लगे हुए हैं। पूरे क्षेत्र में इस पावन आयोजन को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है।