भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण एवं प्रशासनिक विफलताओं से जूझ रहा झारखंड : बाबूलाल
बासुकीनाथ में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में बोले नेता प्रतिपक्ष
डीजे न्यूज, बासुकीनाथ(दुमका) : भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत गुरुवार को बासुकीनाथ स्थित वीणा विहार होटल में दुमका जिला भाजपा द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल द्वारा की गई, जबकि पूर्व विधायक एवं जिला वर्ग अधिकारी नारायण दास विशेष रूप से उपस्थित रहें । कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिन कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण विषयों पर वरिष्ठ नेताओं एवं वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पार्टी का इतिहास एवं विकास, देश के समक्ष प्रमुख चुनौतियाँ एवं उनके समाधान हेतु भाजपा के प्रयास, वैचारिक अधिष्ठान, व्यवहारिक सत्र,कार्य विस्तार की दृष्टि, राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति,सोशल मीडिया एवं नमो ऐप जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज झारखंड भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण एवं प्रशासनिक विफलताओं से जूझ रहा है। राज्य की जनता विकास, सुशासन और पारदर्शिता चाहती है, लेकिन वर्तमान सरकार जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता तक पहुंचाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को देने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती एवं आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। मरांडी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा एवं विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा ने “कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त आंदोलन है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित होती है और प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा का सच्चा प्रतिनिधि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया, नमो ऐप एवं आधुनिक तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग करते हुए सरकार की उपलब्धियों एवं संगठन के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। वर्मा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाकर संगठन को और अधिक व्यापक एवं मजबूत करना है। पूर्व राज्यसभा सदस्य अभयकांत प्रसाद ने “पार्टी का इतिहास एवं विकास” विषय पर अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास त्याग, तपस्या, राष्ट्रभक्ति एवं वैचारिक संघर्ष की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों एवं संगठनात्मक संस्कृति को आत्मसात कर समाज के बीच कार्य करना चाहिए। श्री प्रसाद ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी इसलिए बनी है क्योंकि उसके कार्यकर्ता निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव के साथ निरंतर कार्य करते हैं।
वहीं पूर्व विधायक नीरा यादव ने देश की प्रमुख चुनौतियां एवं निदान के हमारे प्रयास विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्दशन किया,युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने व्यवहारिक सत्र को संबोधित किया,जबकि मिल्टन पाठ सारथी में सोशल मीडिया,नमो ऐप एवं सरल ऐप के तकनीकी प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को दिया ।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त एवं संगठनात्मक रूप से अधिक सक्रिय बनाना है।
प्रशिक्षण वर्ग में जिला में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री,पूर्व जिलाध्यक्ष,पूर्व प्रदेश पदाधिकारी,निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।