भीषण गर्मी को देखते हुए जगह-जगह पर करें पियाऊ की व्यवस्था : रामनिवास यादव
जल संकट से निपटने को युद्धस्तर पर काम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तेज तापमान को देखते हुए गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के निर्देश पर उपायुक्त ने जिले के सभी अधिकारियों को आमजन को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ, सीओ, नगर निकाय पदाधिकारियों एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके तहत सरकारी कार्यालयों, बस स्टैंड, बाजार क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पियाऊ लगाए जा रहे हैं। वहीं विभिन्न पंचायतों और प्रखंडों में भी राहगीरों और आम लोगों की सुविधा के लिए पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन ने साफ निर्देश दिया है कि जहां भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो, वहां तत्काल टैंकर अथवा अन्य वैकल्पिक माध्यमों से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों, जलमीनारों और अन्य पेयजल संरचनाओं की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। संबंधित विभागों को शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने और किसी भी क्षेत्र में जल संकट नहीं होने देने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें, जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और अधिक से अधिक पानी का सेवन करें। प्रशासन द्वारा लोगों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है।