बेलगड़िया के युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत

बेलगड़िया के युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): जिला प्रशासन, झरिया पुनर्वास विकास प्राधिकरण और बीसीसीएल की संयुक्त पहल से शनिवार को बेलगड़िया के विद्यार्थियों के लिए विशेष निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसका शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जेआरडीए तथा बीसीसीएल के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बेलगड़िया के युवाओं को बैंकिंग, एसएससी, रेलवे, टीचिंग, जेएसएससी, जेपीएससी, यूपीएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए ‘महेंद्रास’ के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण और 100% निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।

​इसके चयन प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि ‘महेंद्रास’ द्वारा एक ऑनलाइन एंट्रेंस टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 100 उम्मीदवारों को चुना जाएगा। जिला योजना पदाधिकारी द्वारा उम्मीदवारों की सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि के सत्यापन के बाद अंतिम चयन किया जाएगा।

कोचिंग प्राप्त करने की न्यूनतम योग्यता 12वीं पास और आयु सीमा 18 से 28 वर्ष है। जबकि कोर्स की अवधि 6 माह है। कोचिंग 100% निःशुल्क है। कोचिंग में युवाओं को विशेषज्ञ फेकल्टी, अध्ययन सामग्री, नियमित टेस्ट सीरीज, करियर मार्गदर्शन एवं सहायता दी जाएगी। कोचिंग आर.एस.पी. कॉलेज, बेलगड़िया तथा मिडिल हाई स्कूल, बीसीसीएल टाउनशिप, सेक्टर 1, करमाटांड में दी जाएगी।

इसके बाद उपायुक्त ने मिडिल स्कूल छाताटांड तथा फेज वन के मल्टी स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट का दौरा कर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top