बीसीसीएल के दो और स्कूलों में स्टेम कक्षाएं विद्यार्थियों को मिल रही प्रयोग आधारित शिक्षा

बीसीसीएल के दो और स्कूलों में स्टेम कक्षाएं

विद्यार्थियों को मिल रही प्रयोग आधारित शिक्षा

डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने बीसीसीएल की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत झरिया कोयलांचल के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण स्टेम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एवं मैथेमेटिक्स) शिक्षा पहुंचाने की अपनी पहल का विस्तार किया है। अब जी.एन.एम. +2 स्कूल, कतरासगढ़ और डी.पी.एल.एम.ए. +2 हाई स्कूल, नवागढ़ में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए नियमित स्टेम कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

आईआईटी (आईएसएम) के प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का समन्वय प्रो. रश्मि सिंह और प्रो. नीलाद्रि दास कर रहे हैं। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को डिजिटल टूल्स, तार्किक अभ्यास, गतिविधि आधारित शिक्षण और छोटे-छोटे वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान एवं गणित को सरल और रोचक तरीके से पढ़ाया जा रहा है।

प्रो. रश्मि सिंह ने कहा, “हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास विकसित करना है, ताकि वे उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित हों।”

प्रो. नीलाद्रि दास ने कहा, “प्रयोग आधारित शिक्षण से विद्यार्थियों की विश्लेषण क्षमता और समस्या समाधान कौशल बेहतर हो रहे हैं।”

जी.एन.एम. +2 स्कूल की प्राचार्या रेखा साहू और डी.पी.एल.एम.ए. +2 हाई स्कूल, नवागढ़ के प्राचार्य प्रेम रंजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आईआईटी (आईएसएम) और बीसीसीएल के सहयोग से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचार आधारित शिक्षा का लाभ मिल रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top