BCCL की CSR पहल से वंचित छात्रों को मिल रही IIT (ISM) की STEM शिक्षा
डीजे न्यूज, धनबाद : खनन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों (PAP) तथा अन्य वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक की बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से BCCL की CSR पहल के तहत IIT (ISM) धनबाद द्वारा विशेष STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथेमेटिक्स) कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम नियमित STEM शिक्षा परियोजना का हिस्सा है।
डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग के प्रो. रश्मि सिंह एवं प्रो. नीलाद्रि दास के मार्गदर्शन में आयोजित इन कक्षाओं में DPLMA +2 हाई स्कूल, नावागढ़ तथा एच.एस. भूली नगर के छात्रों को विज्ञान और गणित की अवधारणाएं सरल, रोचक और व्यावहारिक तरीके से समझाई गईं।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता तथा समस्या समाधान कौशल का विकास करना है। इसके लिए इंटरैक्टिव, छात्र-केंद्रित और अनुभव आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाया जा रहा है, जिससे छात्रों की सीखने में रुचि भी बढ़ रही है।
इससे पूर्व IIT (ISM) धनबाद द्वारा भगीरथ ब्रह्मचारी हाई स्कूल, KGBV झरिया तथा गर्ल्स हाई स्कूल, रेलवे कॉलोनी, भागा में भी STEM आउटरीच कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों को विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
IIT (ISM) धनबाद और BCCL का यह संयुक्त प्रयास वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण STEM शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें उच्च शिक्षा और भविष्य में बेहतर करियर अवसरों के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।