बाल श्रम करवाते पकड़े जाने पर दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : रामनिवास यादव 

बाल श्रम करवाते पकड़े जाने पर दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : रामनिवास यादव 

डीजे न्यूज, गिरिडीह :

जिला उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में बाल श्रम उन्मूलन एवं पुनर्वास हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिले में चल रहे बाल श्रम उन्मूलन कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विमुक्त बाल श्रमिकों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया जाए और उनका आवासीय विद्यालयों में दाखिला सुनिश्चित किया जाए ताकि वे दोबारा बाल श्रम में न लौटें। उन्होंने श्रम अधीक्षक को पूर्व में मुक्त किए गए बच्चों का नियमित फॉलो-अप करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि बाल श्रम रोकने के लिए औचक छापेमारी अभियान चलाया जाए। इसके तहत ढाबों, लाइन होटलों, ईंट भट्टों, गैरेजों, वाशिंग सेंटरों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

उपायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि “जो नियोक्ता 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से काम कराते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ बाल एवं अल्पवयस्क श्रमिक (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।”

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सहायक श्रमायुक्त, नगर निगम के अधिकारी एवं बाल संरक्षण इकाई के पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top