बाघमारा में दिनदहाड़े चली गोली, एक जख्मी
तीन जिंदा गोली, चार खोखा व बाइक बरामद, बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध का मामला
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध ग्राउंड के समीप शनिवार को अपराधियों ने प्योर बरोरा निवासी रवींद्र चौहान को गोली मार दी। गोली रवींद्र के पैर में लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी वहां से भाग निकले। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। जख्मी रवींद्र का इलाज बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक वह खतरे से बाहर है। गोली या हार्ड धातु उसके पैर को छूकर निकली है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
जख्मी रवींद्र ने बताया कि वह सब्जी खरीदने डुमरा जा रहा था। इस क्रम में घटनास्थल के पास छह बाइक पर सवार आठ अपराधी पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। वह कुछ समझ पाता इससे पहले एक गोली उसके पैर में लग गई। जख्मी ने बताया कि चार अपराधी के हाथ में हथियार थे।
जिंदा गोली, खोखा और बाइक बरामद
घटना की सूचना पाकर बरोरा, बाघमारा तथा मधुबन थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौका ए वारदात का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक, तीन जिंदा गोली और चार खोखा बरामद किया है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
मुकदमा उठाने का दबाव
जख्मी रवींद्र ने बताया कि कुछ माह पहले हरिणा में उसके साथ मारपीट की घटना हुई थी। उस मामले नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मुकदमा को उठाने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मुकदमा वापस नहीं लेने के चलते जान मारने की नीयत से गोली चलाई गई है।