अजीत रवानी हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार
भेजा गया जेल, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के आमझर स्थित श्री एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश फैक्ट्री में कार्यरत नाइट गार्ड 58 वर्षीय अजीत रवानी की सात जून को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के पोकलेन मशीन के ड्राइवर राजकुमार उर्फ राजा रजवार को रविवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी हराधन महतो को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
बलियापुर थाना में मीडिया को जानकारी देते हुए सिंदरी के एसपीडीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि आरोपी राजकुमार उर्फ राजा रजवार ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। मालूम हो कि 7 जून की शाम नाइट गार्ड अजीत रवानी एवं गाजन महतो उक्त फ्लाइ ऐश फैक्ट्री में अपनी ड्यूटी में था। इसी दौरान रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के पोकलेन चालक राजकुमार उर्फ राजा रजवार एवं उनके अन्य कई साथी शराब पीने के लिए उक्त फैक्ट्री में गए । ड्यूटी में तैनात दोनों नाइट गार्ड ने फैक्ट्री के अंदर शराब पीने से मना कर दिया। इसी दौरान नाइट गार्ड एवं रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के मशीन चालकों के साथ विवाद हो गया। राजा रजवार एवं उसके साथियों ने लोहे की रड से दोनों नाइट गार्ड पर जानलेवा हमला कर दिया। दूसरे दिन सुबह घायल नाइट गार्ड गाजन महतो को फैक्ट्री के सिक्योरिटी इंचार्ज ने इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच में भर्ती करवाया। वही दूसरा नाइट गार्ड अजीत रवानी का तत्काल कोई पता नहीं चला। घटना के तीसरे दिन अजीत रवानी का शव रानी रोड के बगल में गोलमारा जाने वाली सड़क के किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने के एक सप्ताह बाद घटना में संलिप्त उक्त फैक्ट्री के स्टाफ हराधन महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एक महीने तक फरार चल रहे राजकुमार उर्फ राजा रजवार भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह मूलतः गया जिला के नीमचक थाना का निवासी है। फिलहाल वह धनबाद के बाघमारा स्थित डुमरा में रह रहा था । पुलिस घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है। मृतक अजित रवानी बलियापुर के कुसमाटांड़ स्थित नीमटांड़ का निवासी था।