अडवारा लोकल कमिटी के सम्मेलन में भुनेश्वर महतो बने सचिव

Advertisements

अडवारा लोकल कमिटी के सम्मेलन में भुनेश्वर महतो बने सचिव

जन सवालों पर आंदोलन तेज करने का ऐलान

डीजे न्यूज, बगोदर (गिरिडीह) : सोमवार को भाकपा माले अडवारा लोकल कमिटी का 5वां सम्मेलन पहाड़पुर गांव में संपन्न हुआ। सम्मेलन की शुरुआत जन आंदोलनों में शहीद हुए तमाम लोगों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद शहीद बेदी पर बारी-बारी से पुष्प अर्पित किया गया तथा किसान-मजदूरों के प्रतीक पार्टी का झंडा फहराया गया।

सम्मेलन में विदाई कमिटी की ओर से पूर्व मुखिया लालजीत मरांडी ने वर्ष भर पार्टी द्वारा की गई पहलकदमियों और राजनीतिक-सामाजिक परिस्थितियों पर दस्तावेज प्रस्तुत किया। इस पर 26 लोगों ने बहस में हिस्सा लिया। अंत में 23 सदस्यीय लोकल कमिटी का चुनाव किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से भुनेश्वर महतो को सचिव चुना गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं माले प्रखंड सचिव परमेश्वर महतो ने कहा कि 90 के दशक में सामंती धाक के खिलाफ शहीद कामरेड महेंद्र सिंह के नेतृत्व में अडवारा के ग्रामीण इलाकों में चले जन आंदोलन के माध्यम से भाकपा माले को यहां स्थापित किया गया था। तब से पार्टी ग्रामीण गरीबों की दावेदारी की सबसे विश्वसनीय ताकत के रूप में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि अडवारा से लेकर बगोदर तक धरना, प्रदर्शन और रैलियों का आयोजन किया गया ताकि गरीब आदिवासी महिलाओं से लगभग 85 लाख रुपये की ठगी करने वालों पर कानून सम्मत कार्रवाई हो सके, लेकिन आज तक पीड़ित महिलाओं को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में गरीब आदिवासी महिलाओं के नेतृत्व में इस मुद्दे पर पुनः आंदोलन चलाया जाएगा।

परमेश्वर महतो ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में भारी वृद्धि कर आम जनता के जीवन-यापन को कठिन बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, परीक्षा और बहाली के मामलों में केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि बगोदर में पुलिस प्रशासन बेलगाम हो गया है और जनहित के मुद्दों को लेकर आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही उन्होंने 16 जून को बालमुकुंद फैक्ट्री में मजदूरों की छंटनी के खिलाफ आयोजित आंदोलन में बड़ी संख्या में गिरिडीह पहुंचने का आह्वान किया।

सम्मेलन में पर्यवेक्षक के रूप में भोला प्रसाद महतो मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य पूनम महतो, तेजनारायण पासवान, राजकुमार दास, लालजीत मरांडी, बीरेंद्र पटेल, रामदेव महतो, सोनू सिंह, सुखदेव सिंह, राजू सिंह समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top