आवास योजनाओं के लाभुकों को मिल रहा पक्के घर का तोहफा
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में 15 से 28 नवंबर तक विशेष अभियान के रूप में ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी अभियान का मुख्य उद्देश्य आवास योजनाओं के पूर्ण हो चुके घरों में लाभुकों का विधिवत गृह प्रवेश कराकर उन्हें सम्मानजनक जीवनयापन हेतु सुरक्षित छत उपलब्ध कराना है।
इस विशेष सप्ताह के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख आवासीय योजनाओं के अंतर्गत निर्मित आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से ये योजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)
अबुआ आवास योजना
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN)
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना
अभियान के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक पदाधिकारियों की उपस्थिति में अबतक 576 लाभुकों का पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। पक्का आवास पाकर लाभुकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान की निरंतर निगरानी की जा रही है। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) एवं आवास समन्वयकों को निर्देश दिया गया है कि वे शेष लक्षित आवासों का निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए आगामी 27 नवंबर तक शत-प्रतिशत लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित करें।