आईआईटी-आईएसएम के पांच प्रोफेसरों ने शुरू किया डीप-टेक स्टार्टअप, ऊर्जा क्षेत्र में विकसित करेंगे नई तकनीक
सीआईआईई फाउंडेशन के साथ आईप्रेसिएंट्रा की इन्क्यूबेशन यात्रा शुरू, भूमिगत ऊर्जा खोज और स्टोरेज सिस्टम पर होगा शोध
डीजे न्यूज, धनबाद : आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पांच प्रोफेसरों ने मिलकर डीप-टेक स्टार्टअप आईप्रेसिएंट्रा की शुरुआत की है। यह स्टार्टअप भूमिगत ऊर्जा संसाधनों की खोज, ऊर्जा भंडारण प्रणाली और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर आकलन के क्षेत्र में नई तकनीक विकसित करने की दिशा में काम करेगा। स्टार्टअप ने सीआईआईई, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद फाउंडेशन के साथ अपनी इन्क्यूबेशन यात्रा शुरू कर दी है।
इस संबंध में इन्क्यूबेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर प्रो. आलोक कुमार दास, डीन, इनोवेशन एंड कॉरपोरेट रिलेशंस, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की मौजूदगी में किए गए। इस स्टार्टअप की स्थापना संस्थान के पेट्रोलियम इंजीनियरिंग और एप्लाइड जियोफिजिक्स विभाग के पांच विशेषज्ञ प्रोफेसरों ने संयुक्त रूप से की है।
संस्थापक टीम में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. राज किरण, प्रो. राजीव उपाध्याय, प्रो. विनय कुमार राजक और प्रो. आशुतोष कुमार तथा एप्लाइड जियोफिजिक्स विभाग के प्रो. सौरभ दत्ता गुप्ता शामिल हैं।
टीम अपनी रिसर्च और बहुविषयक विशेषज्ञता के आधार पर सबसरफेस एनर्जी एक्सप्लोरेशन, स्टोरेज सिस्टम और रिसोर्स कैरेक्टराइजेशन के क्षेत्र में किफायती, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक तकनीकी समाधान विकसित करेगी। इसका उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान करने के साथ शोध आधारित तकनीक को व्यावहारिक उपयोग तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर प्रो. आलोक कुमार दास ने कहा कि आईप्रेसिएंट्रा की इन्क्यूबेशन इस बात का उदाहरण है कि शैक्षणिक विशेषज्ञता और शोध को प्रयोगशाला से बाहर निकालकर नई तकनीकी चुनौतियों के समाधान में बदला जा सकता है। इससे नवाचार आधारित उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।
सीआईआईई, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद फाउंडेशन शोध आधारित स्टार्टअप को उनके विचारों और तकनीक को विकसित करने के लिए आवश्यक इन्क्यूबेशन सहयोग प्रदान करता है। आईप्रेसिएंट्रा की इस पहल से ऊर्जा क्षेत्र में नई तकनीक और शोध आधारित समाधान विकसित करने के संस्थान के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
यह पहल आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में फैकल्टी एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा देने के साथ अकादमिक शोध को ऐसे तकनीकी समाधानों में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिनका उपयोग संस्थान के बाहर भी किया जा सकेगा।