
एसएनएमसीएच में महिला मरीज के पेट से 7.5 किलो का स्प्लीन ट्यूमर निकाल बनाया विश्व रिकार्ड
डॉ. अली जैद अनवर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक अद्वितीय उपलब्धि हासिल की
यह केवल एक डॉक्टर की सफलता नहीं, बल्कि झारखंड की नई स्वास्थ्य नीति और कार्य संस्कृति की जीत है : डॉ. इरफान अंसारी
डीजे न्यूज, रांची : झारखंड की स्वास्थ्य सेवा में सुधार और उत्कृष्टता को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा उठाए गए ठोस कदम अब परिणाम देने लगे हैं। इसी कड़ी में, एसएनएमएमसीएच धनबाद में डॉ. अली जैद अनवर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक अद्वितीय उपलब्धि हासिल की है।
रिकॉर्ड तोड़ सर्जरी
डॉ. अली जैद अनवर ने एक महिला मरीज के पेट से 7.5 किलोग्राम वजनी स्प्लीन ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर दो विश्व रिकॉर्ड बनाए हैं। यह न केवल एक चिकित्सा चमत्कार है, बल्कि झारखंड की बढ़ती मेडिकल क्षमताओं का प्रमाण भी है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “यह केवल एक डॉक्टर की सफलता नहीं, बल्कि झारखंड की नई स्वास्थ्य नीति और कार्य संस्कृति की जीत है। मैंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जो डॉक्टर ईमानदारी से काम करेंगे, उनका सम्मान निश्चित है। डॉ. अनवर इसका सटीक उदाहरण हैं।”
सम्मान का ऐलान
मंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे डॉक्टरों को मंच देना, सम्मानित करना और उनका मनोबल बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने जल्द ही डॉ. अनवर को सम्मानित करने का ऐलान किया है।
स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने में समय लग सकता है, लेकिन वह हर ईमानदार प्रयास का स्वागत करेंगे और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं आलोचना से डरता नहीं, बल्कि उसे सुधार का अवसर मानता हूं। व्यवस्था को रातों-रात नहीं बदला जा सकता, लेकिन हम सही दिशा में बढ़ रहे हैं।”
झारखंड के लिए गर्व का क्षण
यह ऐतिहासिक सर्जरी झारखंड के लिए गर्व का क्षण है और यह साबित करता है कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हो रही हैं।