शहीद शक्ति के विचारों से प्रेरणा लें युवा वर्ग : जयराम महतो
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा एवं माफिया के खिलाफ संघर्ष करने वाले शहीद शक्तिनाथ महतो का शहादत दिवस शनिवार को शक्ति चौक तेतुलमारी में श्रद्धा के साथ मनाया गया। विभिन्न दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, संगठनों व ग्रामीणों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
डुमरी विधायक व जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो ने कहा कि शहीद शक्ति के सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि शक्ति महतो माफिया के आगे कभी नहीं झुके और झारखंड आंदोलन में अग्रिम पंक्ति में रहे। युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर राज्य के हक व विकास का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने आंदोलनकारियों व शहीदों की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने तथा विधानसभा में पत्रकारों की सुरक्षा व अधिकारों का मुद्दा उठाने की बात भी कही।
बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने उन्हें ‘मिट्टी का शेर’ बताया, जबकि भाजपा नेत्री तारा देवी ने उनके संघर्ष व योगदान पर प्रकाश डाला। समारोह की शुरुआत शहीद की पत्नी सुची देवी और पुत्री अंजना देवी ने गंगाजल व दूध से स्मारक का शुद्धिकरण व माल्यार्पण कर की।
पुस्तक-पेन वितरण
छात्र-छात्राओं व एनसीसी कैडेटों के बीच पुस्तक-पेन बांटे गए तथा महिलाओं को साड़ियां देकर सम्मानित किया गया। इप्टा के कलाकारों ने स्वागत व देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। यातायात व्यवस्था के लिए तेतुलमारी पुलिस तैनात रही। श्रद्धांजलि देने वालों में तारा देवी, पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, योगेश निषाद, निरुपमा देवी, राममूर्ति सिंह, राजेंद्र प्रसाद राजा, कंचन महतो, मोहम्मद इसराफिल, संतोष महतो उर्फ पवन, लखी सोरेन, सुरेश प्रसाद महतो, मोहम्मद आजाद, शंकर किशोर महतो, रतिलाल टुडू, सनातन सोरेन, शिव प्रसाद महतो, सपन पंडित, गौतम कुमार महतो, प्रफुल्ल मंडल, नीलकंठ रवानी, सुरेश महतो, करमचंद महतो, मनोज निषाद, ब्रजेश झा, यदुनाथ सिंह चौधरी, विमल महतो व नरेश महतो उर्फ बड़ा बाबू समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।